Breaking News

बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने अलीगढ़ पहुंच समझीं प्रशासनिक व्यवस्थाऐं

0 4,472

बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने अलीगढ़ पहुंच समझीं प्रशासनिक व्यवस्थाऐं

बांग्लादेश से आए 45 प्रशासनिक अधिकारियों के दल ने प्रशासनिक, पुलिस और अन्य विभागीय कार्यों को जाना

डीएम, एसएसपी, सीडीओ ने प्रशासनिक, पुलिस एवं विकास परियोजनाओं के बारे में दिया प्रस्तुतीकरण

अलीगढ़: बुधवार को नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलैक्ट्रेट सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। ’’प्रशासनिक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण’’ कार्यक्रम में ज़िला मजिस्ट्रेट विशाख जी0, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, सीडीओ आकांक्षा राना ने क्रमशः राजस्व प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विकास कार्यों के साथ ही विभागीय संरचना के बारे में विस्तार से जानकारियाँ देते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बांग्लादेश से आए अधिकारियों को प्रजेंटेशन दिया।
डीएम विशाख जी0 ने जिलाधिकारी को प्रदत्त शक्तियों एवं जिला प्रशासन में जिलाधिकारी की भूमिका को विस्तार से बताया। जिले से लेकर ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक की शासकीय व्यवस्था, पदनाम एवं उनकी कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत एवं बांग्लादेश दोनों देशों की प्रशासनिक कार्य प्रणाली में काफी हद तक समानता है। डीएम ने आमजन की सुविधा के लिए प्रदत्त ऑनलाइन व ऑफलाइन शिकायत निस्तारण प्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आम नागरिक सीधे आईजीआरएस व मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर उनका गुणवत्तापरक समाधान प्राप्त करते हैं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी जिला कलैैक्टर व विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन जनसुनवाई करने के साथ ही तहसील व थाना स्तर पर क्रमशः सम्पूर्ण समाधान दिवस व थाना समाधान दिवसों में जन शिकायतों का निस्तारण किया जाता है।
कलैक्ट्रेट सभागार में बांग्लादेश से अलीगढ़ भ्रमण पर आए 45 सिविल सेवा अधिकारियों के समूह के साथ प्रशासनिक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व, पुलिस प्रशासन, शहरी एवं ग्रामीण प्रशासन, कानून व्यवस्था एवं जिला प्रशासन, रेवेन्यू कलेक्शन एवं विभिन्न पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को प्राप्त शक्तियों एवं कार्य प्रणाली और लाभार्थीपरक योजनाओं, विकास कार्यों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। कलैक्ट्रेट एक दिवसीय प्रशासनिक क्षमता प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्था एवं नियुक्त अधिकारियों की जिम्मेदारियों एवं कार्यप्रणाली के बारे में बताया और समझाया गया।
जिलाधिकारी विशाख जी0 ने जिले की आबादी, भोगौलिक स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दो तरफ से गंगा-यमुना नदियों से घिरा होने के कारण दोआब क्षेत्र में आता है। जिले में 05 तहसील, 12 ब्लॉक, 01 नगर निगम, 02 नगर पालिकाएं और 16 नगर पंचायतें हैं। यहां का प्रमुख उद्योग ताला होने के कारण बोलचाल की भाषा में अलीगढ़ को तालानगरी के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि यहां हार्डवेयर, आर्टवेयर एवं ब्रास का भी कार्य प्रमुखता से होता है।
पुलिस प्रशासन की संरचना एवं कार्य प्रणाली को एसएसपी संजीव सुमन द्वारा विस्तृत रूप से समझाया गया और अधिकारियों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया गया। उन्होंने जिला स्तर के पुलिस अधिकारियों, उनकी जिम्मेदारियों समेत पुलिस की कार्य प्रणाली को भी समझाया। उन्होंने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखना, अपराध नियंत्रण के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी बनाए रखने की जिम्मेदारी उनकी एक विंग द्वारा निभाई जाती है। उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ ही नागरिक सुविधाओं के साथ ही हाल ही बदले गए तीन कानून, गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनएसए के बारे में भी विस्तार से समझाया।
सीडीओ आकांक्षा राना ने जिले से लेकर ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के विकास विभाग के अधिकारियों, जिम्मेदारियों, विभागीय संरचना के बारे में जानकारी दी। उन्हांेने बताया कि जिले में 1123 राजस्व ग्राम, 852 ग्राम पंचायत हैं। त्रिस्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था के तहत 10973 ग्राम पंचायत सदस्य, 1156 क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं 47 जिला पंचायत सदस्य हैं। उन्होंने विभिन्न समितियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम स्तर पर सचिव, लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सफाईकर्मी, ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सहायक शासकीय अंग बनकर कार्य करते हैं। सीडीओ ने सोशल सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, एनआरएलएम, सर्व शिक्षा अभियान, निपुण भारत मिशन, मिड-डे-मील, ऑपरेशन कायाकल्प, पीएम व सीएम आवास, कन्या सुमंगला योजना, खाद्यान्न वितरण, सामूहिक विवाह योजना, जननी सुरक्षा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
मंसूरी एकेडमी के प्रतिनिधि कोर्स कॉर्डिनेटर मुकेश भण्डारी के नेतृत्व में अलीगढ़ पहुॅचे प्रशासकीय दल के प्रतिनिधियों से डीएम-सीडीओ द्वारा दिए गये प्रशिक्षण को बड़े अच्छे से आत्मसात किया। स्थानीय अधिकारियों द्वारा बांग्लादेश से आए अधिकारी शहरयार जमाली, मोहम्मद इस्लामुद्दीन, सैय्यदुल इस्लाम, मंजूर उल हक, मोहम्मद आरिफ उज्जमा की जिज्ञासाओं को भी दूर किया गया। बैठक में एडीएम सिटी, नगर मजिस्ट्रेट, एसटीओ, सीएमओ, डीसी एनआरएलएम, सीवीओ, जेडी इंडस्ट्रीज, डीएसओ, डीडी एग्रीकल्चर, एक्सईएन पीडब्लूडी, डीएसटीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें। आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं। आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है। नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


सूचना :- यह खबर Admin Team AB Live News , के द्वारा अपडेट की गई है। इस खबर की सम्पूर्ण जिम्मेदारी Admin Team AB Live News की होगी। www.ablivenews.com या संपादक मंडल की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।

PostBodyBottom
PostBodyTop